
अंब (ऊना)। ठठल के रामनगर में मंगलवार देर रात अचानक आग लग जाने से चार खड़पोश मकान राख हो गए। मकानों में रखा मजदूरों का खाने पीने का सारा सामान भी स्वाह हो गया। मजदूरों के कृषि औजार भी अग्निकांड की भेंट चढ़ गए। घटना में हजारों की संपत्ति के राख होने का अनुमान है। ठठल के प्रधान ठाकुर सीता राम के मुताबिक ठठल निवासी विनोद कुमार पुत्र रोशन लाल पेशे से कृषक हैं। उनके यहां काम करने वाले 22 मजदूरों के लिए उन्होंने अपनी जमीन में ही खड़पोश मकान बनवाए थे। उनके पास कार्य करने वाले सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के बदायूंक्षेत्र से हैं। इन खड़पोश मकानों में मजदूर रहते हैं। यह मजदूर विगत 22 साल से उनके यहां खेती तथा अन्य काम कर रहे हैं। सीताराम ने बताया कि रात करीब साढ़े 11 बजे खड़पोश मकानों में आग लग गई। देखते ही देखते चार मकानों को लपटों ने अपनी जद में ले लिया। सौभाग्य से कुछ मजदूर घटना के दौरान मकानों से बाहर ही बैठे थे। आग की लपटों को देख गांव में अफरातफरी मच गई। लोग अपने घरों से पानी के मटके लेकर घटनास्थल की ओर दौड़े। आग से मजदूरों के कपडे़, रसोई का सामान, बिस्तर के अलावा करीब तीन क्विंटल आलू, चार क्विंटल गेहूं और अन्य खाद्य पदार्थ, दो साइकिल, एक रेहड़ी, कृ षि उपकरण भी जलकर राख हो गए। अंब के थाना प्रभारी मुनीश डढवाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि ठठल के रामनगर में चार खड़पोश मकान आग से राख हो गए हैं। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
