आग लगने से बंद हुआ मार्ग

अंब (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत पड़ते धौलाधार जंगल क्षेत्र में लगी आग के कारण क्षेत्र के पोलियां जसवालां का मार्ग बंद हो गया है। इस कारण सैकड़ों लोग मुसीबतों से घिर गए हैं। शुक्रवार को सुबह 8 बजे जंगल में अचानक आग लग गई । इससे करीब 8 किलोमीटर का क्षेत्र जल कर राख हो गया था। इस आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत भी की थी, लेकिन यह पूरी तरह नहीं बुझाई जा सकी थी। वहीं, शनिवार को यह आग एक बार फिर बुरी तरह भड़क उठी। रुक-रुक कर लग रही आग में करोड़ों की वन संपदाएं जल कर राख हो गई हैं। वहीं इस आग से जले चीड़ एवं अन्य पेड़ों की शाखाओं के सड़क पर गिरने से अंब-पोलियां जसवालां मार्ग बंद है। वाहन चालक किसी अनहोनी से बचने के लिए इस मार्ग पर नहीं जा रहे हैं। अंब के लोहारा, सलोई, किन्नू आदि स्थानों के लिए कलरुही मार्ग से अपने अपने गंतव्यों को जा रहे हैं। आग की वजह से जहां करोड़ों रुपये की वन संपदाएं जल कर राख हो गई हैं वही अंब-पोलियां जस्वाला मार्ग के दोनों ओर आग लगी होने के कारण वाहन चालकों ने इस ार्ग को छोड़ दिया है। स्थानीय लोगों में हरदीप सिंह, हरजिंद्र सिंह, रणजीत सिंह, सुरेश ठाकुर, मनजीत सिंह, अर्जुन सिंह ने बताया कि इस मार्ग पर जाना खतरे से खाली नहीं है। उधर, दमकल विभाग के अधिकारी सुदर्शन गौड़ ने बताया कि दमकल विभाग ने मौके पर पहुंच मोर्चा संभाल लिया है, आग पर काबू करने के प्रयास जारी हैं।

Related posts