
ऊना/संतोषगढ़/पंजावर। क्षेत्र के भैणी खड्ड में बुधवार देर रात हुई आगजनी में एक रिहायशी मकान आग कीभेंट चढ़ गया। आगजनी में जेवरों सहित अन्य कीमती समान राख हो गया है। इसकी कीमत लाखों में की बताई जा रही है। आगजनी का मुख्य कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। दमकल विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार भैणी खड्ड निवासी ज्ञान चंद पुत्र वतन चंद के घर बुधवार देर रात को अचानक आग लग गई। घर के सदस्य खेत में तूड़ी घर लाने के लिए खेतों में गए हुए थे। घर में एक बुजुर्ग महिला एवं तीन बच्चे सो रहे थे। आग की लपटें देख आपसास के लोगों में हड़कंप मच गया। चीखो पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने घर में सो रहे सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का काफी प्रयास किया, पर असफल रहे। इतने में मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। तब तक सब कुछ स्वाह हो चुका था। लाल चंद ने बताया कि आग से घर में रखा 6 तोले सोना जेवर, कपड़े , बिस्तर, आठ हजार रुपये की नगदी , कूलर, फ्रिज, 4 पेटियां में रखा घरेलू समान, 6 क्विंटल गेहूं, सहित कीमती समान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंचे गांव खड्ड केप्रधान करनैल सिंह, वार्ड पंच सुनीता देवी, सेक्रेटरी सुरेश सैणी ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है एवं प्रशासन से पीड़ित परिवार फौरी राहत देने की गुहार लगाई है। उधर हरोली एसएचओं महेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में तफ्तीश शुरू कर दी है।
उधर, क्षेत्र के गांव अप्पर देहलां और संतोषगढ़ में आग भी आग से हजारो रुपये की संपत्ति को राख कर दिया है। देहलां में खेतों में रखी त्यूड़ी अज्ञात कारणों से हुई आगजनी की घटना में गांव अप्पर देहलां में एक किसान के खेतों में रखी हुई 10 क्विंटल त्यूड़ी को आग लग गई, जिसमें उनका करीब 10 हजार रुपये का नुकसान आंका गया है। वहीं पंडोगा के जंगलों में दोपहर बाद अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिसमें करीब 10 हजार का नुकसान होने का अंदेशा लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने मौका पर पहुंच कर लगी आग को काबू आया। दमकल विभाग के कार्यकारी अधिकारी कमल स्वरुप ने मामलों की पुष्टि की है। वहीं, एएसपी राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने सभी मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
अंब में मकान, तूड़ी, थ्रेशर जले
अंब(ऊना)। उपमंडल अंब के कटोहड़ कलां में आग से लगभग 70 कनाल भूमि पर लगा सरकंडा घास जलकर राख हो गया। तेज हवाओं के चलते आग की चिंगारियां एक रिहायशी मकान पर जा गिरी। इससे 30 क्विटंल तूड़ी एवं एक थ्रेशर मशीन भी चपेट में आ गई। आगजनी में लाखों के नुकसान का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार देर रात कोटलां कलां में सरकंडा घास को आग लग गई। तेज हवाओं के चलते आग की चिगारियां साथ लगते एक मकान, तूड़ी एवं थ्र्रेशर पर जा गिरी। इससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने आसपास के ट्यूबवेल को चला कर पानी से आग पर काबू पाने की भरपूर कोशिश की। वहीं अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाने को जुट गई। लेकिन तेज हवा के कारण आग को रोकना मुश्किल पड़ रहा था। आग से घर का सामान जल गया है। ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह एवं उपप्रधान राजू ने बताया कि गुरदास राम का तीन कमरों का टीन पोश मकान जल कर राख हो गया। उधर, हर गोविंद पुत्र बंता राम एवं चंचला देवी का करीब 30 क्विंटल तूड़ी आग की चपेट में आने से जल कर राख हो गई। इसके बाद आग ने पास ही खड़े थ्रेशर को भी अपने आगोश में ले लिया। सूचना मिलते ही अंब के एसडी एम सुखदेव सिंह भी मौके का जायजा लिया। उन्हाेंने गुरदास राम को फौरी राहत के तौर पर पांच हजार रुपये दिए। उधर अग्निशमन अधिकारी सुदर्शन गौड़ ने बताया कि खुले क्षेत्र में किसी ने आग लगा दी थी। जिसकी वजह से करीब 70 कनाल में खड़ी सरकंडा घास भी जल कर राख हो गई।
