आउटसाइडरों पर तीसरी आंख का रहेगा पहरा

हमीरपुर। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने को कमर कस ली है। कालेज परिसर में खाकी तैनात है। आउटसाइडरों पर शिकंजा कसने को सीसीटीवी कैमरा भी स्थापित कर दिया है जो आउटसाइडरों पर पैनी नजर रखेगा।
डिग्री कालेज के आउटसाइडरों के हस्तक्षेप से कई आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं। गत तीन वर्षों के आंकड़ों पर नजर दौड़ाई जाए तो आउटसाइडरों के हस्तक्षेप से अब तक करीब तीन दर्जन छात्र लहूलुहान हो चुके हैं। प्रशासन ने कालेज परिसर में खाकी का पहरा सख्त कर दिया है। कालेज प्रबंधन ने कालेज के मुख्य गेट पर सीसीटीवी कैमरा स्थापित किया है जो असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखेगा। ऐसे छात्रों पर भी पैनी नजर रहेगी जो आउटसाइडरों को कालेज परिसर में ले जाकर हिंसात्मक घटनाओं को अंजाम देते हैं। कालेज के दूसरे गेटों पर भी पुलिस का पहरा बढ़ा दिया गया है जिससे कालेज में शांति का माहौल बना रहे और छात्रों को हिंसात्मक घटनाओं से दूर रखा जा सके।
उधर, कालेज प्राचार्य पीसी पटियाल का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कालेज के मुख्य गेट पर सीसीटीवी कैमरा स्थापित किया गया है। भविष्य में दूसरे गेटों पर भी सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। प्रशासन के सहयोग से खाकी भी मुस्तैद है। उन्होंने बताया कि जो कोई आउटसाइडर कैंपस में पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related posts