आईपीएच पानी के साथ कर रहा है कीड़े सप्लाई

रामपुर बुशहर( संदीप वर्मा) आईपीएच विभाग की लापरवाही के चलते क्षेत्र के लोगों को किसी बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालत यह है कि क्षेत्र में आईपीएच विभाग द्वारा सप्लाई किए जा रहे पानी में कीडे़ निकल रहे हैं। ऐसा ही मामला ग्राम पंचायत मझोली टिप्पर के गांव ओडी धार में सामने आया। यहां लोग पीने के लिए पानी भर रहे थे कि अचानक पानी में कीड़े आने शुरू हो गए। लोगों ने इस बारे में वार्ड सदस्य को सूचना दी। वार्ड सदस्य ने मौके पर पहुंच कर मामले को देखा और इस बारे में आईपीएच विभाग को भी सूचना दी। वार्ड सदस्य सतपाल कहते हैं कि इस तरह के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं, लेकिन शिकायत के बाद भी आईपीएच विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर पा रहा है।
क्षेत्र के लोगों में कपिल देवी, वीरेंद्र सिंह और जिया मणी का कहना है कि जैसे ही वे पानी भरने लगे तो उन्होंने देखा कि नल से पानी के साथ कुछ कीड़े भी आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि आईपीएच विभाग की लापरवाही के चलते क्षेत्र भयानक रोग की चपेट में आ सकता है। क्षेत्र के लोगों ने आईपीएच विभाग से मांग की है कि इस बारे में कड़े कदम उठाए जाएं। वहीं लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
इधर, इस बारे में आईपीएच विभाग के एक्सईएन एसके शर्मा का कहना है कि विभाग मामले की जांच करेगा। उन्होंने बताया कि आईपीएच विभाग गुणवत्ता वाला पानी सप्लाई करता है, लेकिन फिर भी पूरे मामले की जांच की जाएगी।

Related posts