
हरोली (ऊना)। विधानसभा क्षेत्र हरोली के बढेड़ा और सलोह में करोड़ों रुपये से लगाए गए पांच नलकूप खराब होने से किसान गुस्से में हैं। इससे क्षेत्र की करीब 600 कनाल भूमि सिंचाई सुविधा से वंचित हो गई है। बढेड़ा के चार और सलोह में एक नलकूप एक सप्ताह से खराब पड़े हैं। लोगों का कहना है कि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को समस्या से कई बार अवगत करवाया लेकिन कुछ नहीं हुआ। सिंचाई सुविधा न मिलने से गेहूं तथा अन्य फसलें मुरझाने लगी हैं। लोगों में आईपीएच विभाग के प्रति गुस्सा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान तीन दिन के भीतर नहीं हुआ तो वे विभाग के खिलाफ सड़कों पर उतर आएंगे।
बढेड़ा निवासी विजय सिंह, रमेश कुमार, सोनू, दर्शन सिंह, वीना देवी, मोहिंद्र सिंह, सुमन कुमार, मलकीयत सिंह, नारायण कुमार, पवन कुमार, संतोख सिंह, दीपक कुमार, मीना कुमारी , अंजना कुमारी, आरती देवी, सुनील कुमार, आशा रानी, सोमा देवी, अनीता कुमारी, मनदीप सिंह और पिंकी आदि ने कहा कि विभाग के कर्मचारियों को कई बार समस्या के बारे में बताया। लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। अप्पर बढेड़ा पंचायत के प्रधान राकेश कुमार ने बताया कि अधिकारियों से भी शिकायत की फिर भी कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अब आंदोलन ही अंतिम रास्ता होगा।
क्या कहते हैं अधिकारी
इस संबंध में जब आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता मुकेश हीरा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि दो रिगें खराब हो चुकी हैैं। एक का जल्द ही टेंडर निकाला जाएगा। जिस रिग की मोटर खराब है या कोई अन्य छोटी मोटी समस्या है, उसका जल्द ही हल किया जाएगा।
टैंकरों से मंगवा रहे पेयजल
इन लोगों ने कहा कि उन्हें पीने का पानी भी इन्हीं रिगों से उपलब्ध होता है। रिगें खराब होने से पेयजल के लिए भी भटकना पड़ रहा है। इन लोगाें ने बताया कि वे अपने स्तर टैंकरों के माध्यम से पेयजल मंगवा रहे हैं।
