
हमीरपुर। शहर में स्थित आईपीएच कार्यालय मंगलवार सुबह आग की भेंट चढ़ गया। अग्निकांड में तीन कमरों और दो गैलरियों में रखा विभागीय रिकार्ड जल गया है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। आग लगने की भनक लगते ही चौकीदार ने दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल विभाग ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इससे साथ लगता एक कमरा आग की चपेट में आने से बच गया है।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे आईपीएच विभाग कार्यालय की ऊपरी मंजिल में आग लग गई। जैसे ही कार्यालय में तैनात चौकीदार को आग लगने की भनक लगी तो इसकी सूचना उसने विभागीय उच्चाधिकारियों को दी। साथ ही दमकल विभाग को भी घटना की जानकारी दी। इसके चलते दमकल विभाग ने तुरंत मौके पर पहुंचकर करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक तीन कमरे और गैलरी में रखा विभागीय रिकार्ड जल गया। उधर, विभागीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अग्निकांड में कितना रिकार्ड जला है, इसका अभी तक आंकलन नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि तीन कमरों और दो गैलरियों में रखा सारा रिकार्ड जल गया है।
मंगलवार सुबह पांच बजे कार्यालय में आग लगी। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है। आग लगने का अंदेशा शार्ट सर्किट हो सकता है।
-एसआर चौधरी, अधीक्षण अभियंता, आईपीएच विभाग
कितना नुकसान, कमेटी बनाएगी रिपोर्ट
अग्निकांड में कितना रिकार्ड आग की भेंट चढ़ा है, इसकी विभाग के पास कोई जानकारी नहीं है। स्वाह हुए रिकार्ड के आंकलन के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी जल्द ही नष्ट हुए रिकार्ड की रिपोर्ट तैयार करेगी जिसे उच्चाधिकारियों को प्रेषित किया जाएगा।
