
ऊना। हिमाचल प्रदेश कंप्यूटर शिक्षक संघ ने चंडीगढ़ की एक कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सरकार से मांग की है कि उनका जमा ईपीएफ और सिक्योरिटी राशि उन्हें लौटाई जाए। इस कंपनी का करार पांच माह पहले खत्म हो गया है। इस कंपनी ने ही ये शिक्षक स्कूलों में रखे थे। आईटी शिक्षकों में कंपनी के प्रति भारी रोष है। शिक्षकों ने कंपनी पर आरोप जड़ा है कि उनके करोड़ों रुपये कंपनी दबाकर बैठी हुई है। संघ की ऊना इकाई की बैठक रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना में हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष विजय कुमार ने की। इस बैठक में करीब 50 आईटी शिक्षकों ने भाग लिया। बैठक में सरकार से मांग की गई कि जिस प्रकार पीटीए तथा पैरा अध्यापकों के नियमितीकरण को नीति बनाई जा रही है, उसी तरह आईटी शिक्षकों के लिए भी ठोस नीति का निर्माण हो। संघ ने सरकार से यह भी मांग की है कि पिछली कंपनी से उनका ईपीएफ और सिक्योरिटी राशि वापस दिलाई जाए, जिसका करार 31 मार्च 2013 को खत्म हो गया है। पांच माह बीत जाने के बाद भी आज तक अध्यापकों के करोड़ों रुपयों का भुगतान नहीं हुआ है। संघ ने सरकार ने मांग की है कि उन्हें उनकी यह राशि जल्द से जल्द वापस दिलाई जाए। बैठक में पूर्व राज्य उपाध्यक्ष अजय राणा, मनोज कुमार, शुभलता, किरण बाला, सुचेता, विजय कुमार, आरती और वीना समेत अन्य आईटी शिक्षकों ने हिस्सा लिया।
