आईटीबीपी में सिपाही पदों की भर्ती तीन से

केलांग। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में शामिल होने का जनजातीय युवाओं के लिए सुनहरा मौका है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर के युवाओं के लिए आईटीबीपी सिपाही पदों के लिए कुल्लू के बबैली स्थित कैंप में भर्ती तीन से 12 जुलाई तक होगी। यह जानकारी विधायक रवि ठाकुर ने दी।
भर्ती में कैंप से एडवांस प्रशिक्षण ले रहे युवाओं को प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने बताया कि सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम और अधिकतम आयु सीमा 18 से 23 साल निर्धारित है। जनजातीय क्षेत्रों के लिए अधिकतम आयु सीमा में 25 साल तक छूट रहेगी। इस संबंध में आईटीबीपी से विधायक को मिले पत्र के आधार पर उन्होंने बताया कि जिला के लिए 43 सीटों के लिए भर्ती की जाएगी। ग्राउंड टेस्ट के अलावा लिखित परीक्षा के बाद चयन प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का यह सुनहरा मौका है। रवि ठाकुर ने घाटी के तमाम इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वह भर्ती प्रक्रिया में भाग लें।

Related posts