
नई दिल्ली। दिल्ली के पहले महिला प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में एमटेक के दाखिले शुरू हो गए हैं। पहले दिन पचास से अधिक आवेदन पत्रों की बिक्री हुई है। इंदिरा गांधी दिल्ली प्रौद्योगिकी महिला विश्वविद्यालय (आईजीडीटीयू) की कुलपति प्रोफेसर नुपुर प्रकाश के अनुसार, जुलाई से शुरू हो रहे पहले शैक्षिक सत्र में बीटेक, एमटेक, एमसीए प्रोग्राम की पढ़ाई होगी। एमटेक में दाखिले एक जून से एक जुलाई के बीच होंगे। आवेदन पत्र पंजाब एंड सिंध बैंक से 500 रुपये देकर खरीदा जा सकता है। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन पत्र www.igit.ac.in की वेबसाइट में सीधे भरा जा सकता है, लेकिन उससे पहले रजिस्ट्रार के नाम पांच सौ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट भरना अनिवार्य है।
नुपुर प्रकाश ने बताया कि एमटेक में गेट स्कोर के आधार पर दाखिला मिलेगा। हालांकि वही महिला उम्मीदवार आवेदन कर सकती हैं, जिन्होंने बीटेक, एमएससी या एमसीए में इनमें से किसी विषय में पढ़ाई की होगी। जनरल वर्ग में न्यूनतम 60 फीसदी और एससी व एसटी वर्ग में 55 फीसदी अंकों वाली छात्राएं ही आवेदन कर सकती हैं। चयनित उम्मीदवारों की लिस्ट 10 जुलाई को शाम पांच बजे आईजीडीटीयू की वेबसाइट www.igit.ac.in पर अपलोड कर दिया जाएगा।
