आईआरडीपी के चयन में अनियमितता!

आईआरडीपी के चयन में अनियमितता!
बिलासपुर। आम आदमी पार्टी ‘आप’ ने आईआरडीपी परिवार चयन प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाया है। ‘आप’ का कहना है कि चयन प्रक्रिया में कहीं न कहीं लचीले नियम आडे़ आ रहे हैं। इसी कारण अपात्र परिवार लाभान्वित हो रहे हैं और पात्र आईआरडीपी में शामिल नहीं हो पा रहे। राजनीतिक रसूखदार और धनवान लोग भी आईआरडीपी को मिलने वाली योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं। ‘आप’ ने मंगलवार को उपायुक्त डॉ. अजय शर्मा से मुलाकात कर उनके माध्यम से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को इस बारे ज्ञापन भेजा है।
‘आप’ के जिला संयोजक पुर्णेद्र कश्यप के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रदेश भर में आईआरडीपी परिवार चयन प्रक्रिया पर अनेकों सवालिया निशान उठ रहे हैं, लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा इस पर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही, जो चिंता का विषय है। आईआरडीपी के चयन के लिए कड़े नियम नहीं होने के कारण यह योजना मूल उद्देश्य से भटक गई है। इसी कारण न तो वास्तविक गरीब परिवार लाभान्वित हो रहे हैं और न ही सरकारी धन का उपयोग सही तरीके से हो पा रहा है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद सरकार कड़े नियम नहीं बना रही। इससे सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लग गया है। आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि आईआरडीपी परिवार चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुदृढ़ बनाने के साथ ही विधानसभा में इस बारे कठोर नियम बनाएं। झूठे प्रमाण पत्र देने वाले को कम से कम छह माह की कैद व दस हजार रुपये के जुर्माने का प्रावधान किया जाए। प्रतिनिधिमंडल में पुर्णेंद्र मोहन, सुरेंद्र गुप्ता, तेज प्रताप, राज वर्मा, अमर सिंह, प्रदीप शर्मा, केश पठानिया, एसपी गौतम, दौलत राम शर्मा, बलवीर सिंह आदि मौजूद थे।

Related posts