
रामपुर बुशहर। ननखड़ी क्षेत्र की खुन्नी पनोली पंचायत के बनीवास गांव में घर के बाहर से सात साल के बच्चे को तेंदुआ उठा ले गया। वारदात वीरवार सुबह 4:30 बजे की है, जब मासूम अपने बड़े भाई के साथ कमरे से बाहर शौच के लिए निकाला तो पहले से ही घात लगाकर बैठा तेंदुआ उसे उठा ले गया। हालांकि बड़ा भाई उसके झपट्टे में आने से बच गया। इधर, पुलिस और वन विभाग की टीम देर शाम तक बच्चे को तलाशती रही, लेकिन अभी तक बच्चे का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
ननखड़ी थाना प्रभारी मंगल राम के अनुसार वीरवार सुबह करीब 4:30 बजे बादल पुत्र राम सिंह निवासी नेपाल अपने भाई के साथ कमरे से बाहर शौच के लिए निकला था। जैसे ही वह घर से निकला, बाहर पहले से घात लगाकर बैठे तेंदुआ उसे उठाकर जंगल की ओर चला गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। वन विभाग की ओर से बच्चे के माता पिता को 25 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है।
