आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मनाया ब्लैक डे

ऊना। आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर यूनियन ऊना ने सीटू के बैनर तले अपनी लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर दी है। बुधवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने रोष रैली निकालकर ऊना में ब्लैक डे मनाया। इस दौरान आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्परों ने एमसी पार्क में एकत्रित होकर जमकर नारेबाजी भी की। रोष रैली के बाद आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त ऊना अभिषेक जैन से मिला एवं प्रदेश मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को ज्ञापन दिया। इस मौके पर जिला प्रधान नरेश शर्मा ने कहा कि राज्य में पिछली सरकार ने पांच वर्षों के शासनकाल में अंागनबाड़ी वर्कर्स के वेतन में एक रुपये की वृद्धि नहीं की एवं उनकी मांगों को लेकर कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। वर्तमान में सत्ता में कांग्रेस सरकार के आने से आंगनबाड़ी वर्कर्स में अपनी मांगों को पूरा करवाने की एक उम्मीद जगी है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि आंगनबाड़ी कर्मचारियों को सरकारी कर्मचारी घोषित किया जाए तथा पंजाब पैट्रन लागू किया जाए। खाद्य सामग्री पहले की तरह विभाग की ओर से केंद्रों में पहुंचाई जाए न कि कार्यकर्ताओं पर बोझ डाला जाए। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि उनकी मांगों को लेकर शीघ्र उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए अन्यथा अपनी मांगों को मनवाने के लिए वर्कर्स को संघर्ष की नीति अख्तियार करनी पड़ेगी। इस अवसर पर सीटू के जिला प्रधान ओम दत्ता, जिला सचिव गुरनाम सिंह मंजारा, उपप्रधान विजय शर्मा, आंगनबाड़ी नेताओं रमा शर्मा, निर्मल सैणी, नरेश कुमारी सहित अन्य कई आंगनबाड़ी वर्कर्स मौजूद रहीं।

Related posts