
मैहतपुर (ऊना)। ऊना जिले के सरहदी गांव कलसेहड़ा के ग्रामीणों ने पुलिस तथा आबकारी एवं कराधान विभाग के आला अफसरों को शिकायत पत्र भेजकर उनके गांव में चल रहे एक शराब के गैरकानूनी अहाते को तुरंत बंद करवाने की मांग उठाई है। शिकायत में कलसेहड़ा के ग्रामीणाें ने लिखा है कि पहले ऊना-नंगल मुख्य सड़क के किनारे शराब का ठेका होता था। वहां उसके साथ अहाता भी चलता था। शराब के उस ठेके को बंद हुए लगभग एक साल होने को है, लेकिन वहां पर तब से खुला अहाता आज भी चल रहा है, जहां शराब के साथ-साथ अन्य कई तरह के नशे का सामान परोसा जाता है। इससे न केवल उनके गांव की युवा पीढ़ी, बल्कि आसपास के कई गांवों के युवक भी नशे की दलदल में धंसते जा रहे हैं। ग्रामीणों ने शिकायत में कहा है कि महिलाएं जब अपने खेतों और चारा लेने जाती हैं तो नशेड़ी उनसे अश्लील हरकतें करते हैं और फब्तियां कसते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक दिन ढलते ही इस गैरकानूनी रूप से चल रहे अहाते में शराब का सेवन शुरू हो जाता है, जो देर रात तक चलता है। आए दिन नशेड़ियों की गाली गलौच और लड़ाई झगड़े से गांव का माहौल खराब हो रहा है। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। पिछले कई महीनों से चल रहे इस अहाते की वजह से गांव के लोग बेहद परेशान हैं। गांव के लंबरदार बलराम कुमार, लंबरदार निर्मल कुमार, डा. सूरज बाली, रमन कुमार, पूर्व पंच ऊषा रानी, राजकुमार, विजय बाली, श्वेता, रामकुमार, रीता, किरण, सुरेश बाली, नरेश कुमारी, राजकुमार, संजीव कुमार, नितिन, अशोक, अजय, बीना, रामधन, सरवन कौर, जसवीर तथा बलराज कुमार समेत कई अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन ने मांग उठाई है कि इस गैरकानूनी अहाते को तुरंत बंद करवाया जाए अन्यथा वह सड़क पर धरना प्रदर्शन को मजबूर हो जाएंगे। उधर, नंगल थाना के एसएचओ केसर सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत पर गौर किया जाएगा और अगर अहाता गैरकानूनी तौर पर चलाया जा रहा है तो उसे बंद करवा दिया जाएगा।
