
चंबा। क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में दाखिल एक मरीज भाग गया है। जानकारी के अनुसार सोमवार रात को यह मरीज अस्पताल से कहीं निकल गया। अभी तक इसके बारे में कोई जानकारी अस्पताल प्रशासन को नहीं मिली है। इस बारे में अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचित कर दिया है। जिला अस्पताल के वार्ड तीन में कमल कुमार (31) का उपचार चल रहा था। कमल कुमार ने अस्पताल में दाखिल होने से पहले बताया था कि उसका किसी के साथ झगड़ा हुआ है। इससे उसके सिर और मुंह में चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने कमल कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दाखिल कर लिया। अस्पताल में दाखिल किए जाने के कुछ घंटों बाद कमल कुमार वहां से भाग गया। स्टाफ नर्स ने बेड को चेक किया तो उसने मरीज को गायब पाया। इसकी सूचना रात को सेवाएं दे रहे चिकित्सक ने पुलिस को दी। मरीज के अस्पताल से भाग जाने पर एक बार फिर से अस्पताल में मरीजों की सिक्योरिटी को लेकर सवाल उठे हैं। इससे पहले भी एक मरीज ने अस्पताल से भाग कर अपनी जान दे दी थी।
एमएस डा. विनोद शर्मा ने बताया कि मरीज के भाग जाने की शिकायत उन्हें मिली है। इस बारे पुलिस को भी सूचित किया है। उन्होंने बताया कि मरीज को उपचार के लिए दाखिल किया था लेकिन रात को भाग गया। सूचना मिलने के बाद होमगार्ड के जवानों ने भी मरीज की तलाश शहर में की थी, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया।
