अस्पताल की चौथी मंजिल से कूदा युवक

कुल्लू (भाग सिंह) स्थानीय अस्पताल की चौथी मंजिल से एक युवक ने छलांग लगा दी। इसमें युवक की जान तो बच गई, लेकिन वह बुरी तरह घायल हो गया। उसे चिकित्सकों ने जांच के बाद चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया है। पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात नर्स की शिकायत पर भादंसं की धारा 309 के तहत मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को दिए शिकायत पत्र में ड्यूटी पर तैनात नर्स ने कहा है कि छलांग लगाने वाला युवक तीन मार्च से जोनल अस्पताल में शुगर और मानसिक रोग के चलते भर्ती था। इसी बीच युवक ने अचानक चौथी मंजिल में बने शौचालय की खिड़की से छलांग लगा दी। युवक के छलांग लगाते ही वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को गंभीर घायल की अवस्था में अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों में युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि खिड़की से छलांग लगाने वाले युवक की पहचान कुल्लू के लंकाबेकर निवासी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि युवक ने अचानक चौथी मंजिल से छलांग क्यों लगाई, इसका कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की छानबीन का जिम्मा एएसआई संत राम को साैंपा गया है।

हुड़दंग मचाने पर पांच के खिलाफ केस
भुंतर। फागली उत्सव के दौरान मारपीट करने और हुड़दंग मचाने के आरोप में पुलिस ने पांच युवक के खिलाफ भादंसं की धारा 147, 148, 149, 323 और 506 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज करवाई गई एफआईआर में शाढ़ाबाई के शख्स ने कहा है कि अपने रिश्तेदार के घर उत्सव मनाने के लिए गए हुए थे। उसी दौरान कुछ युवक फागली उत्सव में आ धमके और मौके पर मारपीट तथा तोड़फोड़ शुरू कर दी। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts