अस्पतालों में बुजुर्गों की लगेगी अलग लाइन

ऊना(विवेक त्रिपाठी)उपायुक्त अभिषेक जैन ने अस्पतालों में सीनियर सिटीजंस को इलाज के लिए पेश आ रही दिक्कतों पर कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने सीएमओ एवं एसएमओ को निर्देश दिए हैं कि क्षेत्रीय अस्पताल सहित जिला के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सीनियर सिटीजन को स्वास्थ्य सुविधाओं में तवज्जो प्रदान की जाए। ‘अमर उजाला’ ने 17 अप्रैल के अंक में क्षेत्रीय अस्पताल पर लाइव स्टोरी के जरिये अव्यवस्थाओं को उजागर किया था। बुजुर्ग भी अस्पताल में धक्के खाते हुए दिखाए थे।
अब उपायुक्त ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए अस्पताल में अलग से लाइन का प्रबंध हो। जहां प्राथमिकता के आधार पर डाक्टर उन्हें देखें तथा उनके लिए कं प्यूटराइज पर्ची बनाने में अलग से व्यवस्था हो, जिससे उपचार करवाने आए सीनियर सिटीजन को कोई दिक्कत न हो। उपायुक्त ने क्षेत्रीय अस्पताल में सीनियर सिटीजन के लिए अलग से बैंच स्थापित करने, रात को अस्पताल परिसर में लाइट की समुचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं। डीसी ने कहा कि सीनियर सिटीजन समाज का अभिन्न का अंग हैं और उन्हें समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को विशेष कदम उठाने चाहिए। डीसी अभिषेक जैन ने क्षेत्रीय अस्पताल में सीनियर सिटीजन को प्रदान की जा रही सुविधाओं का जायजा भी लिया।

Related posts