
ऊना। बंगाणा उपमंडल के खोली इलाके में अश्लील एमएमएस ने महिला की जान ले ली। मृतक महिला के ससुर ने इसी क्षेत्र के युवक रामपाल पर एमएमएस बनाकर महिला को ब्लैकमेल करने, नाजायज संबंध जारी रखने और आत्महत्या की वजह एमएमएस होने का आरोप लगाया है। महिला द्वारा आत्महत्या के बाद मायका पक्ष के आरोपों पर पुलिस ने मृतक महिला के पति नरेश को गिरफ्तार किया, जो अब न्यायिक हिरासत में चल रहा है। मृतक महिला के ससुर जुगल ने सोमवार को एसपी से मुलाकात कर उन्हें शिकायत पत्र सौंपा और न्यायिक हिरासत में चल रहे अपने बेटे नरेश को निर्दोष बताया। आरोपी रामपाल द्वारा बनाए गए अश्लील एमएमएस भी एसपी को दिखाए। जुगल ने एसपी को बताया कि अश्लील एमएमएस की सीडी उन्हें अपनी बहू की मौत से पूर्व उसी के कमरे में मिली थी। उनका बेटा नरेश पिछले करीब चार साल से बद्दी की एक फैक्टरी में नौकरी कर रहा है। इस बीच आरोपी रामपाल ने उनकी बहू से अवैध संबंध बनाए और उसके अश्लील एमएमएस बनाए। रामपाल ने एमएमएस औरों को बेचे भी होंगे। एमएमएस का पता चलने के बाद मृतक महिला के भाइयों ने अपनी बहन और आरोपी रामपाल की पिटाई भी की थी। उस दिन से ही आरोपी रामपाल फरार है। पुलिस ने उनके बेटे नरेश को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। एमएमएस के कारण ही उनकी बहू ने जहर निगला और आत्महत्या की। मृतक महिला और उसके पति नरेश के डेढ़ वर्ष की बेटी और चार वर्ष का बेटा भी है। आरोपी राम पाल के परिजन और उनकी मृतक बहू के मायके वाले जुगल और उनकी पत्नी को जान से मारने की धमकियां भी दे रहे हैं। एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि यह गंभीर मामला है। बंगाणा पुलिस थाने को इस मामले में उचित कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
