अवैध हथियारों के सौदे का खुलासा

ऊना। मैहतपुर में उद्योगपति विनोद जैन की गोली मारकर हत्या की वारदात के बाद पुलिस पड़ताल में अवैध हथियारों की खरीद का खुलासा हुआ है। इस मर्डर केस में पता चला है कि ऊना के ही चार अन्य लोगों ने भी अवैध तरीके से हथियारों की खरीददारी की है। पुलिस हिरासत में चल रहा यूपी के सहारनपुर का कट्टा सप्लायर नरेंद्र कुमार पुलिस की सख्ती से उखड़ गया। उसने पुलिस के सामने ऊना के चार और लोगों के नाम उगलते हुए खुलासा किया कि उसने उन्हें भी कट्टे सप्लाई किए हैं। नाम सामने आते ही पुलिस ने कट्टे के खरीददारों की धरपकड़ को छापे मारे और तीन को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। हालांकि, पुलिस अधिकारी अभी इस मामले में खुलकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। पुलिस विभाग के पुख्ता सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कट्टे बेचने के आरोप में पकड़े गए युवक ने बड़ा खुलासा किया है। जिससे ऊना में हड़कंप की स्थिति है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कट्टे बेचने के आरोपी युवक ने पुलिस को आरंभिक पूछताछ में बताया है कि उसने एक नहीं बल्कि चार युवकों को कट्टे बेेचे हैं। इन चार युवकों ने मिलकर एक कट्टा खरीदा है या सभी ने अवैध हथियारों की अलग-अलग खरीददारी की है, इस बिंदु पर भी पुलिस जांच को केंद्रित कर रही है। पुलिस का कहना है कि कट्टा खरीदने वाला एक शख्स तो हिमाचल छोड़कर तुरंत भाग गया है। तीन को पूछताछ के लिए पुलिस ने हिरासत में लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि ऊना में ही और देसी कट्टे खरीदे जाने की बात सामने आई है। जिसके आधार पर पुलिस ने छापामारी शुरू कर दी है। एक आरोपी के दिल्ली भाग जाने की सूचना मिली है। इधर, अवैध हथियारों के सौदों में ऊना के युवाओं की बढ़ती संलिप्तता से पुलिस हिल गई है। आखिर ऊना के युवा हथियार क्यों खरीद रहे हैं। लोगों में चर्चा है कि युवाओं को हथियारों की खरीददारी का शौक है या यह खुलासे किसी और हत्या की प्लानिंग की ओर इशारा कर रहे हैं। उद्योगपति विनोद कुमार जैन की हत्या भी ऐसे ही देसी कट्टे से
की गई थी।

Related posts