अवैध वसूली पर उतरे निजी कालेज

ऊना। प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से बीएड के अगले सत्र से फीस वृद्धि का निर्णय लिया गया है, लेकिन ऊना में कुछ निजी कालेजों ने वर्तमान सत्र में बीएड कर रहे छात्र-छात्राओं से हजारों रुपए की वसूली शुरू कर दी है। एक कालेज की ओर से तो एक सप्ताह के भीतर छात्रों से अतिरिक्त पैसे देने की मांग की गई है। जबकि, दूसरे कालेज ने एक कदम आगे रहते हुए फीसें वसूलनी भी आरंभ कर दी है। वहीं, निजी संस्थानों से बीएड कर रहे छात्र इस समय खुलकर कालेज प्रबंधकों का विरोध करने से भी डर रहे हैं।
जिले में सरकारी क्षेत्र में कार्यरत दौलतपुर चौक कालेज में भी बीएड का कोर्स करवाया जाता है। जहां बीएड करने वालों से न तो कोई अतिरिक्त फीस वसूली गई है और न ही उन्हें अतिरिक्त फीस लाने के संदर्भ में फरमान जारी किए गए हैं। निजी कालेजाें की ओर से वसूली भी एक समान नहीं है, एक कालेज की ओर से जहां छात्रों से 7 हजार रुपए अतिरिक्त मांगे जा रहे हैं, वहीं दूसरे कालेज की ओर से साढ़े 8 हजार की वसूली की जा रही है। वर्तमान सत्र से ऐसी वसूली को लेकर अभी तक विवि की ओर से न तो कोई पत्र जारी किया गया है और न ही वेबसाइट पर इस संदर्भ में कोई सूचना दी गई है। वहीं, राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक के प्राचार्य डा. दिलीप शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से फीस वृद्धि को लेकर कोई आदेश उन्हें प्राप्त नहीं हुए हैं। लिहाजा बीएड के वर्तमान सत्र के छात्र-छात्राओं से कोई अतिरिक्त फीस वसूली नहीं की गई है। उधर, निजी कालेज के प्रबंधक इस संदर्भ में विवि की ओर से किसी प्रकार का कोई पत्र मिलने की पुष्टि नहीं कर पाए हैं।

Related posts