
ऊना। वन विभाग ने पंजाब सीमा के साथ सटे गगरेट क्षेत्र में प्रतिबंधित लकड़ी से भरी तीन गाड़ियों को पकड़ा है। इसमें एक 407 टेंपो, दो पिकअप गाड़ियां हैं। गाड़ियों में आम सहित अन्य किस्मों की लकड़ी के मोच्छे बरामद किए गए हैं। इनकी कीमत लगभग एक लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है। अवैध लकड़ी पंजाब के होशियारपुर जिले में ले जाई जा रही थी। बताया जा रहा है कि गगरेट क्षेत्र की दो गाड़ियों को पंजाब में भी पकड़ा गया है। आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वन विभाग के आरओ ऊना राहुल शर्मा, सहायक अरण्यपाल मनीष रामपाल के नेतृत्व गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार रात को गगरेट क्षेत्र में नाका लगाया हुआ था। मंगलवार सुबह गगरेट से पंजाब की ओर अवैध लकड़ी से भरी गाड़ियां निकलनी शुरू हुईं। इन्हें वन कर्मियों ने नाके पर पकड़ने की कोशिश की लेकिन चालक चकमा देकर मौके से गाड़ियां भगाने में कामयाब हो गए। विभाग ने गाड़ियों का काफी देर तक पीछा किया और काफी मशक्कत के बाद पंजाब क्षेत्र में तीन गाड़ियों सहित चार लोगों को दबोच लिया। इसमें सन्नी शर्मा निवासी गगरेट, मंदीप सिंह नगड़ोली, मंगल सिंह निवासी कण और नरेश गगरेट शामिल हैं। चैकिंग के दौरान चालकों के पास न तो लकड़ी से संबंधित कोई दस्तावेज मिले, न ही ड्राइविंग लाइसेंस। वन विभाग की टीम में डिप्टी रेंजर गोपाल, प्रदीप, वीरेंद्र, रोहित कुमार, शक्ति संजीव, चालक रमेश शामिल रहे।
प्रतिबंधित लकड़ी से भरी तीन गाड़ियों को जब्त कर लिया गया है। चार आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज करवाया है। पंजाब पुलिस ने भी लकड़ी से भरी दो गाड़ियां पकड़ी हैं।
-आरके डोगरा, डीएफओ, वन विभाग
