
गगरेट (ऊना)। गगरेट-ऊना मार्ग पर मंगलवार को लोहारली शिवमूर्ति के निकट वन विभाग की टीम ने नाके पर एक अवैध लकड़ी से भरे टैंपो को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इसमें आम की लकड़ी लदी हुई थी। उसके ऊपर कुछ पापुलर के मोच्छे भी थे। वन विभाग ने गाड़ी को लकड़ी सहित अपने कब्जे में लेकर चालक मोहित कुमार निवासी बढ़ेड़ा राजपूतां के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए वन विभाग के बीओ स्वर्ण सिंह ने बताया कि नाके के दौरान एक टैंपो गाड़ी को रोका तो उसमें अवैध लकड़ी लदी हुआ थी। गाड़ी के ड्राइवर की ओर से वैध कागज न दिखा पाने पर गाड़ी एवं चालक को गिरफ्त में ले लिया गया है तथा कार्रवाई जारी है।
