
कुल्लू। भुंतर में हुरला के पास अवैध लकड़ी तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरओ की शिकायत पर मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हुरला रेंज के आरओ प्यारे चंद गुलेरिया ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा है कि रात के समय वन कर्मी अमर चंद ने उन्हें सूचना दी कि अमर चंद तथा वन रक्षक अनुज कुमार रात के समय गड़सा के भेडू फार्म स्थित वन विभाग के बैरियर पर अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। अमर चंद ने बताया कि देर रात के समय एक वैन वहां से आई और उस वैन में लकड़ी के अवैध स्लीपर भरे हुए थे। जब उन्होंने उसे रोकने का प्रयास किया तो वैन से राकेश कुमार नाम का एक व्यक्ति उतरा और वन रक्षक अनुज कुमार और वन कर्मी अमर चंद के साथ बहस करने के साथ धक्कामुक्की करने लगा। इसी दौरान वैन में बैठे एक व्यक्ति ने वैन को स्टार्ट किया और वे दोनों बैरियर को तोड़कर वहां से भाग खड़े हुए। शिकायत में कहा है कि जब वन विभाग की टीम ने वाहन का पीछा किया तो उन्होंने वैन में रखे स्लीपरों को हुरला पुल के नीचे फेंक दिया। वन विभाग ने स्लीपरों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने आरओ प्यारे चंद की शिकायत पर मामला दर्ज कर राकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर शिकंजा कसा जाएगा।
