
गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के मवा सिंधिया में अवैध खनन कर रहे लोगों ने एक युवक को बेरहमी से पीट कर उसे गोली मार कर जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत पर शिकायतकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, जबकि मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरिंद्र सिंह पुत्र कुलदीप सिंह निवासी मवा सिंधिया तहसील अंब ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह रोज की तरह स्वां नदी के किनारे पशुओं को चराने गया था। इसी दौरान उसने देखा कि स्वां नदी में एक ट्रैक्टर एवं जेसीबी खड़े थे, जो अवैध खनन कर रहे थे। सुरिंद्र कुमार ने जेसीबी और ट्रैक्टर मालिकों को स्वां नदी में खनन न करने के संदर्भ में कहा। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया और उसे पीटना आरंभ कर दिया। इसके बाद उन्होंने घायल युवक को धमकी दी कि वे उसे गोली मार कर मौत के घाट उतार देंगे। एसपी अनुपम शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में आईपीसी की धारा 341, 323, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।
