
अवैध खनन पर नकेल नामुमकिन जैसी!
बद्दी (सोलन)। दिन सोमवार। समय दोपहर 12:05 मिनट। स्थान सरसा नदी का तट। सरकारी गलियारों में एसडीएम पर हमले का मामला अभी थमा भी नहीं है, लेकिन बद्दी के शीतलपुर गांव के समीप सरसा नदी में पांच ट्रैक्टर नदी से अवैध रूप से खनन करके पत्थर भरते रहे। हालांकि मंत्री भी खनन न रुकने पर अधिकारियों की नौकरी जाने तक की बात कह रहे हैं।
सोमवार को जैसे ही मीडिया कर्मी नदी के किनारे पहुंचे तो वहां इस अवैध कार्य की रेकी कर रहे लोगों ने फोटो न लेने को चेताया। साथ ही यह भी बताया कि सुबह से फोरेस्ट विभाग के कर्र्मी यहां पर होने से वह आज की दिहाड़ी नहीं लगा पाए हैं, काम करने दो। कुछ ट्रैक्टर चालक नदी से पत्थर निकाल कर नदी के किनारे ही ढेर लगा रहे थे। जहां से रेत ट्रक से भर कर उठाया जा रहा था।
ठीक 12:20 बजे मलपुर के समीप सरसा नदी से सात ट्रैक्टर एक साथ नदी से रेत बजरी व पत्थर उठा रहे थे। मलपुर के समीप सरसा नदी में अवैध खनन करने वाले ट्रैक्टर लाइन में लग कर नदी से पत्थर व बजरी भर रहे थे। यह सभी ट्रैक्टर चालक सरकार व प्रशासन के नियमों को धता बता कर जुटे हुए थे। इन पर न तो पुलिस को कोई खौफ नजर आ रहा था न ही उन्हें खनन विभाग के जुर्माना का डर सता रहा था।
जिला खनन अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह कोर्ट केस के चलते डीसी आफिस सोलन आए हैं। सूचना मिलते ही खनन गार्ड को मौके पर भेजा गया। उधर, पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमल कुमार को टीम के साथ मौके पर भेजा गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आधा रास्ते तक गाड़ी जाती है। पुलिस के आने की भनक उन्हें पहले से ही लग जाती है। ट्रैक्टर में सवार चालक ट्रैक्टर को दूसरी ओर से भगा कर ले जाते हैं जिन्हें पुलिस पकड़ नहीं पाती है। बावजूद इसके पुलिस ने तीन ट्रैक्टरों को कब्जे में लिया है।
