
संतोषगढ़ (ऊना)। पुलिस विभाग की ओर से खनन माफिया के खिलाफ शिकंजा कसे जाने के बावजूद भी खनन माफिया के हौसले काफी बुलंद है। मंगलवार को भी संतोषगढ़ पुलिस चौकी प्रभारी कुलदीप पटियाल एवं उनकी टीम ने संतोषगढ़ एवं खानपुर में अवैध खनन में शामिल वाहनों को जब्त करने के साथ-साथ चालान भी काटे। चैकिंग के दौरान संतोषगढ़ एवं खानपुर में रेत से भरे सात वाहनों को अवैध खनन करने के जुर्म में 34160 रुपये का जुर्माना किया गया है। पकड़े गए वाहनों में से एक टिप्पर एवं एक ट्रैक्टर-ट्राली को बिना कागजात के वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त किया गया है। इसके अलावा यातायात नियमों की अवहेलना करने पर 14 वाहनों से 77 सौ रुपये का जुर्माना वसूला गया।
डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि संतोषगढ़ एवं खानपुर में अवैध तरीके से रेत से भरे दो वाहनों को जब्त किया गया। शर्मा ने बताया कि पकड़े गये वाहनों में से एक टिप्पर नं: एचपी-72-1245 एवं ट्रैक्टर नंबर पीबी-74ए -0943 को वाहन संबधी कागजात न होने के कारण वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त किया गया है। जब्त किए गए दोनों वाहनों पर वाहन अधिनियम के साथ-साथ अवैध खनन अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। देर रात की कार्रवाई में सात वाहनों को पकड़ा गया है। डीएसपी ने कहा कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
