
टाहलीवाल/हरोली/ ऊना। अवैध खनन कारोबारियों के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को एसडीएम धनवीर ठाकुर एवं जिला खनन अधिकारी परमजीत सिंह की संयुक्त टीम ने हरोली क्षेत्र की सहायक खड्डों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान अवैध खनन कर रहे तीन ट्रैक्टरों एवं दो टिप्परों को पकड़ा। इनके चालान काटकर 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
हरोली के बाथड़ी क्षेत्र में रात के समय अवैध खनन का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। एक सप्ताह की कार्रवाई में अब तक पुलिस एवं खनन महकमे की टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक दर्जन से अधिक वाहनों को अवैध खनन करते पकड़ा गया है। बावजूद इसके अवैध कारोबार का सिलसिला लगातार जारी है। जिला खनन अधिकारी परमजीत सिंह ने बताया की विभाग की ओर से संयुक्त रूप में अवैध खनन पर नकेल डालने को बड़े स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को की गई कार्रवाई में बनगढ़, बाथू, संतोषगढ़, बाथड़ी में तीन ट्रैक्टरों एवं दो टिप्परों का चालान काटकर पचास हजार रुपये का जुर्माना किया गया। उन्होंने बताया कि अवैध खनन करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
