
हमीरपुर। हमीरपुर पुलिस ने अवैध खनन करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार को पुलिस ने अवैध खनन करते आधा दर्जन ट्रैक्टर पकड़े। पुलिस ने सभी पर मौके पर जुर्माना लगाया। पुलिस ने बड़सर, भोरंज और हमीरपुर थाना के अंतर्गत छापामारी कर खनन करने वालों को पकड़ा।
बड़सर पुलिस ने अवैध खनन के दो मामले पकड़े। सुभाष चंद निवासी भकरेडी और कुलदीप सिंह निवासी टिक्कर राजपूतां को अवैध खनन करते हुए धरा गया। दोनों का चालान कर 10,200 रुपए जुर्माना किया गया। भोरंज पुलिस ने बृज लाल निवासी कोट, घुमारवीं और चमन लाल निवासी गांव कोट, घुमारवीं को अवैध खनन करते धरा। भोरंज पुलिस ने दोनों का चालान कर 10,200 रुपए जुर्माना वसूला। हमीरपुर पुलिस ने ऊधो राम निवासी बल्यूट, अश्वनी कुमार निवासी बल्यूट, लंबलू को अवैध खनन करते धरा। दोनों पर पुलिस ने 10,200 रुपए का जुर्माना लगाया। पुलिस अधीक्षक बृज मोहन शर्मा ने बताया कि अवैध खनन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। शनिवार को अवैध खनन के आरोप में आधा दर्जन ट्रैक्टरों के चालान किए गए हैं।
