
जम्मू
अपनी पार्टी के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में मुलाकात कर जम्मू कश्मीर के हालात पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने पीएम को ज्ञापन देकर जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने व 4 जी मोबाइल इंटरनेट सेवा की बहाली की मांग की। बुखारी की मोदी से मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है।
रविवार को करीब एक घंटे की भेंट वार्ता में अल्ताफ बुखारी ने जम्मू-कश्मीर में बढ़ती बेरोजगारी की समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने व्यापक रोजगार पैकेज का भी आग्रह किया। ज्ञापन में राज्य का दर्जा बहाल करने पर जोर दिया गया ताकि जम्मू कश्मीर के लोगों की प्रमुख मांग पूरी हो सकें। इसके अलावा 4जी मोबाइल इंटरनेट सेवा पर जारी रोक को जम्मू कश्मीर के लोगों के साथ भेदभाव बताते हुए इस सेवा को तत्काल बहाल करने की भी मांग की।
जम्मू-कश्मीर के यूपीएससी के उम्मीदवारों के हित में अधिकतम आयु सीमा में रियायत को बहाल करने की भी मांग की। उन्होंने कश्मीरी पंडित विस्थापितों की पूरे सम्मान के साथ घाटी में घर वापसी करवाने पर भी जोर दिया।
बैठक में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे की खस्ताहालत के बारे में भी प्रधानमंत्री को जानकारी दी गई। वहीं वैकल्पिक हाईवे मुगल रोड और किश्तवाड़ सिंथन मार्ग को बेहतर तरीके से विकसित करने की भी मांग की। सीमांत क्षेत्रों में व्यक्तिगत और सामुदायिक बंकरों का निर्माण तेज गति से करवाने की भी मांग की। वहीं बुखारी ने कोरोना से बेहतर तरीके से निपटने के केंद्र सरकार के कदमों की सराहना की और देश में व्यापक स्तर पर वैक्सीन अभियान शुरू करने के मोदी सरकार के कदम का आभार भी जताया।
