
नाली। अलेउ महिला मंडल मोर्चा ने अलेउ परियोजना-दो के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अलेउ महिला मंडल प्रधान कमला देवी, उपप्रधान चेतना देवी और सचिव लता ठाकुर ने कहा है कि गत दिनों जो प्रोजेक्ट का डैम टूटा है, उसका निर्माण नियमों को ताक में रख कर किया गया है। यही नहीं, परियोजना प्रबंधन की ओर से अलेउ गांववासियों के साथ किए गए वायदों का भी पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि परियोजना प्रबंधन ने अगर अलेउ पंचायत और अन्य संगठनों को साथ लेकर डैम नहीं बनाया तो अलेउ महिला मंडल विरोध करेगा तथा महिलाएं डैम के कार्य को नहीं होने देंगी। उन्होंने परियोजना प्रबंधन पर सिंचाई कूहल में 24 घंटे पानी छोड़ने का वायदा किया था। इसके अलावा परियोजना ने पुराने पन चक्की घराटों को भी 24 घंटे पानी उपलब्ध करवाने की बात कही थी जो आज तक पूरी नहीं हो सकी है। महिला मंडल ने चेतावनी दी है कि अगर इन वायदों को पूरा नहीं किया गया तो सड़क पर उतर कर परियोजना कार्य शुरू नहीं होने देंगे।
