अलग-अलग जगह पर युवतियों के साथ सरेराह छेड़छाड़

नई दिल्ली। राजधानी में अलग-अलग स्थानों पर युवती व महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। हौजखास इलाके में बुधवार रात को कुत्ते को घूमा रही युवती को चार्टेड एकाउंटेंट ने सरेराह पकड़ लिया और अश्लील हरकतें करने लगा। गाड़ी के रजिस्ट्रेशन के आधार पर सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस ने चार्टेड एकाउंटेंट को पकड़ लिया। चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने भी छेड़छाड़ के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ग्रीन पार्क इलाके में 20 वर्षीय युवती अपने कुत्ते को घूमा रही थी। तभी एक कार युवती के पास आकर रुकी। कार चला रहे व्यक्ति ने युवती को पकड़ लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। सूचना मिलते ही सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई, तब तक आरोपी फरार हो गया। युवती ने कार का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट कर लिया था। पुलिस ने डिफेंस कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय संजीव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पेशे से चार्टेड एकाउंटेंट है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
दूसरी तरफ, चाणक्यपुरी इलाके में सेंट मार्टिन मार्ग पर एक युवक 34 वर्षीय महिला के साथ छेड़छाड़ करने लगा। महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। मौके पर गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने किशन मैसी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ चाणक्यपुरी थाने में मामला दर्ज किया गया है।

छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार
उधर, चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने प्रधानमंत्री आवास के पास कुछ दिन पहले युवती के साथ हुई छेड़छाड़ मामले में आरोपी युवक हर्षित को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि आरोपी को गिरफ्तार करने में हो रही लापरवाही को लेकर चाणक्यपुरी थाने के एटीओ इंस्पेक्टर सतपाल को लाइन हाजिर कर दिया गया था।

Related posts