
नई दिल्ली। डीयू के मशहूर कोर्सेज में से एक अर्थशास्त्र ऑनर्स। छात्रों में इसके जबरदस्त रुचि का नतीजा था कि बीते साल कैंपस कॉलेजों में इसका कटऑफ 99.25 प्रतिशत तक पहुंच गया। इस वर्ष भी छात्रों को रुझान को देखते हुए इसका कटऑफ कैंपस और आउट ऑफ कैंपस दोनों जगह झटका दे सकता है।
डीयू के कुल 34 कॉलेजों में अर्थशास्त्र ऑनर्स का कोर्स चल रहा है। कैंपस कॉलेज हो या आउट ऑफ कैंपस सभी कॉलेजों में अर्थशास्त्र की सीटें दूसरे कटऑफ आने तक भर जाती है। विशेषज्ञ बताते हैं कि दरअसल इस कोर्स में हाई कटऑफ का कारण टॉपर्स की दौड़ होती है। इन कोर्स पर उन हाई स्कोरिंग छात्रों की भी होती है जो बीकॉम या गणित में दाखिला नहीं पाते है। कैंपस कॉलेज में दाखिला लेने के चक्कर में छात्र आउट ऑफ कैंपस बीकॉम में दाखिला लेने से बेहतर कैंपस कॉलेज के अर्थशास्त्र में दाखिला लेना मानते है। इसी का नतीजा है कि बीते साल कैंपस स्थित हिंदू कॉलेज का कटऑफ 99.25 तक पहुंच गया था। इसी तरह हंसराज में 97.25, एसआरसीसी में 98.5 तक रहा। कैंपस ही नहीं इससे बाहर कॉलेजों में भी इसका हाई कटऑफ रहता है। कैंपस से बाहर स्थित कमला नेहरू कॉलेज में यह 96.25, एआरएसडी कॉलेज में 92, देशबंधु कॉलेज में 91 तक गया है। डीयू के जानकारों का मानना है कि इस वर्ष भी कैंपस कॉलेजों में गुंजाइश कम है लेकिन आउट ऑफ कैंपस कॉलेजों में यह बढ़ोतरी 1-2 फीसदी तक हो सकती है।
