
लंदन: वाशिंगटन में बजट संबंधी गतिरोध की वजह से यहां के कैम्ब्रिज शहर में एक अमेरिकी कब्रिस्तान को बंद करना पड़ा। आर्थिक संकट की वजह से ‘‘अमेरिकन बैटल मॉन्यूमेन्ट्स कमीशन’’ (एबीएमसी) ने सभी शोकसभाएं बंद कर दीं और आगंतुकों को यहां से वापस लौटना पड़ा। एबीएमसी के दोनों ब्रिटिश कब्रिस्तानों में से एक कैम्ब्रिज में है और दूसरा दक्षिण पूर्वी इंग्लैंड के वोकिंग में है। दोनों ही कब्रिस्तान बंद कर दिए गए हैं।
एबीएमसी की वेबसाइट में कहा गया है, ‘‘अमेरिकी सरकार के आर्थिक संकट की वजह से एबीएमसी के कामकाज के लिए धन का अभाव होने के कारण एबीएमसी कब्रिस्तानों और सभी शोकसभाओं को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया है। इसकी वजह से होने वाली असुविधा के लिए हमें खेद है।’’
वेबसाइट में आगे कहा गया है, ‘‘आर्थिक अनुदान के नए उपायों को अमेरिकी कांग्रेस की मंजूरी मिलने और अमेरिका के राष्ट्रपति द्वारा उन पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद एबीएमसी अपना सामान्य कामकाज शुरू कर देगा।’’ पूरी दुनिया में एबीएमसी 24 कब्रिस्तान संचालित करता है, जिनमें से 11 कब्रिस्तान फ्रांस में हैं।
