
अमृतसर: अमृतसर में विकास कार्यों के नाम पर लाखों के घोटाले सामने आए हैं। ये घोटाले नगर निगम तथा नगर सुधार ट्रस्ट के बीच तालमेल के अभाव के चलते सत्ताधारी अकाली-भारतीय जनता पार्टी गठबंधन की ओर से अपने चहेते ठेकेदारों को जारी किए कार्यों में उजागर हुए हैं।
विकास घोटाले की शिकायत आर.टी.आई. कार्यकत्र्ता संदीप महाजन ने नगर विकास न्यास के प्रशासक संदीप ऋषि से की थी। उन्होंने मामले की प्रारंभिक जांच करवाई जिसमें यह सामने आया है कि अमृतसर उत्तरी व केन्द्रीय में जो टैंडर जारी किए गए थे वे अपनी मनमर्जी से दिए गए। ऋषि ने मामले की जांच के आदेश जारी करते हुए कुल टैंडरों में से आधे रद्द कर दिए हैं। विभाग में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
उन्होंने माना कि यह सारा मामला उनके नोटिस में महाजन लाए हैं। यदि जनता ऐसे ही जागरूक रही तो काम भी सही होते रहेंगे। घोटाले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विधायक ओ.पी. सोनी ने कहा कि मैंने नगर सुधार न्यास के प्रशासक से बात की है और उन्होंने माना कि गड़बड़ी हुई है तथा इस घोटाले में जो भी राजनीतिक तथा सरकारी कर्मचारी संलिप्त हैं, का पर्दाफाश किया जाए।
