
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अमर सिंह ने स्वयं को निर्दोष बताते हुए कैश फॉर वोट मामले से आरोपमुक्त करने का आग्रह किया। अदालत के समक्ष उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं है।
तीस हजारी स्थित सीबीआई के विशेष न्यायाधीश नरोत्तम कोशल के समक्ष पेश अमर सिंह के अधिवक्ता हरिहरन ने कहा कि सीबीआई के पास एक भी साक्ष्य नहीं है, जिसके आधार पर यह साबित किया जा सके कि उनके मुवक्किल ने 2008 मे संसद में विश्वास मत के दौरान सरकार के पक्ष में वोट देने के लिए भाजपा सांसदों को प्रलोभन दिया था। ऐसे में उनके मुवक्किल को आरोपमुक्त किया जाना चाहिए। आरोपपत्र के अनुसार, अमर सिंह और लाल कृष्ण आड़वाणी के पूर्व सहयोगी कुलकर्णी ने षड्यंत्र रचा था, जिसके तहत लोकसभा में 22 जुलाई 2008 को सरकार के खिलाफ पेश अविश्वास प्रस्ताव के विरोध में वोट देने के लिए कुछ सांसदों को पैसे दिए गए। मामले में अमर सिंह व कुलकर्णी के अलावा भाजपा सांसद अशोक अर्गल, फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व सांसद महावीर सिंह भगौरा, संजीव सक्सेना और सुहेल हिंदुस्तानी अभियुक्त हैं।
