अभी हत्थे नहीं चढ़ा दुराचार का आरोपी

ऊना। हमीरपुर की नाबालिग लड़की को एमएमएस का डर दिखाकर दो साल तक हवस का शिकार बनाने के आरोपी युवक को पुलिस सरगर्मी से ढूंढ रही है। पुलिस ने वार्ड नंबर चार निवासी आरोपी राजीव सैणी के अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार छापे भी मारे, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा है। आरोपी के घर में भी बुधवार तड़के सुबह पुलिस नजर रखे हुए थी, लेकिन आरोपी कहीं नजर नहीं आया। आरोपी की धरपकड़ को पुलिस ने जाल बिछा रखा है। आरोपी भी बार बार ठिकाने बदलकर पुलिस को छका रहा है। पुलिस लगातार आरोपी के परिजनों, रिश्तेदारों और दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है।
उधर, पुलिस ने उस होटल का भी पूरा रिकार्ड खंगाला है, जहां आरोपी ने नाबालिग लड़की से दुराचार किया और उसे बंधक बनाकर रखा। इसी होटल में आरोपी ने नाबालिग लड़की को बीयर पिलाकर दुराचार भी किया। होटल मालिक और पूरे स्टाफ से भी पुलिस ने कड़ी पूछताछ की है। होटल स्टाफ ने पुलिस को बताया है कि आरोपी यहां आता था लेकिन कई बार वह बताता था नाबालिग लड़की उसकी मंगेतर है। लड़की से जल्द शादी करने की भी उसने होटल स्टाफ से कई बार बात कही। घटना को लेकर क्षेत्र में खूब चर्चा है। पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ को चिंतपूर्णी इलाके में भी छापे मारे, लेकिन उसका कहीं कोई पता न चल सका। लोकेशन ट्रेस होने के भय से आरोपी ने अपना मोबाइल फोन भी बंद रखा है। बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपी के परिजनों के मोबाइल नंबरों और लैंडलाइन फोन से होने वाली फोन काल्स पर भी नजर रखे हुए है। एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि आरोपी राजीव सैणी की तलाश जारी है। उन्होंने दावा किया है कि आरोपी जल्द सलाखों के पीछे होगा। एसपी ने कहा कि कानून के लंबे हाथों से ऐसे असामाजिक तत्वों का बच पाना नामुमकिन है।

Related posts