
पतलीकूहल (कुल्लू)। विकास खंड नग्गर के मुख्यालय पतलीकूहल में ग्रामीण हाट का काम फिर शुरू हो गया है। स्थानीय बेरोजगारों को आशा की किरण दिखाने वाले इस महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य करीब एक साल से बंद पड़ा था। लेकिन अब इस प्रोजेक्ट साइट पर दोबारा से हलचल शुरू हो गई है।
काम शुरू होने का स्थानीय जनता ने स्वागत किया है। वहीं इस प्रोजेक्ट के पूरा होने की सूरत में बेरोजगार युवा हस्तशिल्प और दस्तकारी से बने अपने उत्पाद यहां बेच सकेंगे। पर्यटन नगरी मनाली को जाने वाले चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर स्थित होने के चलते ग्रामीण हाट नामक यह प्रोजेक्ट काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
स्थानीय विधायक गोविंद ठाकुर ने करीब तीन साल पहले इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया था। लेकिन अब जाकर इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के आसार बन सके हैं। नग्गर विकास खंड अधिकारी जीसी बैंस ने बताया कि पतलीकूहल में निर्माणाधीन ग्रामीण हाट को उच्च अधिकारियों के माध्यम से सरकार ने पंद्रह लाख रुपये की राशि प्रदान की है। कहा कि ग्रामीण हाट का ढांचा पहले ही खड़ा किया जा चुका है। अब इस राशि से ग्रामीण हाट की दीवारों को लगाए जाने का काम किया जा रहा है। आशा व्यक्त की कि जल्द ही ग्रामीण हाट को तैयार कर दिया जाएगा।
