अब सुहाना होगा गांवों तक का सफर

भल्याणी (कुल्लू)। कुल्लू के ग्रामीण क्षेत्रों का सफर अब और सुहाना होगा। लोक निर्माण विभाग ने वर्षों से कच्ची पड़ी सड़कों को पक्का करने के लिए कमर कस ली है। सरकार ने जिला की चार सड़कों को पक्का करने के लिए 15 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
जिला में पीएमजीएसवाई के तहत वर्षों पूर्व निर्मित सड़कें पक्का होने की राह ताक रहीं थीं। बजट के अभाव के चलते विभाग इन सड़कों को पक्का करवाने में असमर्थ था। लोक निर्माण विभाग डिवीजन नंबर एक के तहत दोहरानाला- खड़ीहार सड़क को 2.8 करोड़ रुपये पक्का करने के लिए स्वीकृत हुए हैं। भूंइकापूल-कोटला सड़क को 3 करोड़ 76 लाख 85 हजार, दनोठी-बरठीधार सड़क को 3 करोड़ 92 लाख, सलवाड़- कड़ौण सड़क को 3 करोड़ 12 लाख तथा जल्लूग्रां-रतोचा सड़क को 3.15 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
इसकी पुष्टि लोक निर्माण विभाग के डिविजन एक में तैनात अधिशासी अभियंता डीआर शासनी ने की है। उन्होंने बताया कि जल्द ही टेंडर करवाकर सड़कों को पक्का करने का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया जाएगा। उधर सड़कों के पक्का होने की भनक लगते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। ग्रामीण हिरदे राम, टहल सिंह, नाथू राम, जय चंद और प्रकाश सिंह ने बताया कि सड़कों के चकाचक तथा पक्का होने से उनके नकदी उत्पाद भी दागी नहीं होंगे। ग्रामीणों ने बताया कि सड़कों के पक्का होने से कुल्लू घाटी के 20 हजार लोग लाभान्वित होंगे। ग्रामीणों ने इसके लिए सरकार तथा विभाग का शुक्रिया अदा किया है।

Related posts