अब नप के सिर घर-आंगन नहीं हो पाएंगे रोशन

भल्याणी (कुल्लू)। नगर परिषद के सिर अपने घर-आंगन को रोशन करने वाले रसूखवान लोगों के घर से नगर परिषद ने स्ट्रीट लाइटें हटवाने का कार्य शुरू कर दिया है। शहर के विभिन्न वार्डों में कार्रवाई करते हुए नप कर्मचारियों ने 65 हाई वोल्टेज स्ट्रीट लाइटों को हटवा लिया है। इसकी पुष्टि नप कुल्लू के सहायक अभियंता बिजली तेज सिंह ठाकुर ने की है। नगर परिषद के खर्चेे पर शहर के ऊंची पहुंच रखने वाले लोगों के घरों में लगभग 300 स्ट्रीट लाइटें वर्षों पूर्व लगाई गई थीं। परिषद इन स्ट्रीट लाइटों का खर्चा वहन करता आया है। आर्थिक बैकफुट पर चल रही नगर परिषद कुल्लू ने फिजूल के खर्चों को कम करने तथा बिजली के बिलों के करोड़ों की देनदारी को देखते हुए इस तरह की सख्त कार्रवाई की है। शहर के वार्डों में हालात ऐसे हैं कि यहां गलियां तो घुप अंधेरी हैं, जबकि ऊंची पहुंच तथा रसूख रखने वाले लोगों के घरों में लगी हाई वोल्टेज स्ट्रीट लाइटें जरूर ऐेसे लोगोें के घर-आंगन को सालों से रोशन करती आ रही हैं। परिषद ने अब इन स्ट्रीट लाइटों को हटाकर इन्हें शहर की घुप अंधेरी गलियों में स्थापत करने का फैसला लिया है। नगर परिषद कुल्लू के सहायक अभियंता तेज सिंह ठाकुर ने बताया कि परिषद के विद्युत कर्मियों ने 65 स्ट्रीट लाइटों को हटवा दिया है, जबकि ऐसी अन्य स्ट्रीट लाइटों को हटाने का कार्य तेजी से चलाया जाएगा।

Related posts