

देश की राजधानी दिल्ली की प्यास बुझाने के लिए महत्वाकांक्षी रेणुका डैम प्रोजेक्ट निर्माण के लिए केंद्रीय बजट में 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
वीरवार को केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने अपने बजट भाषण में यह घोषणा की। 50 करोड़ की राशि मिलने से डैम के रुके कार्यों को गति मिलेगी। रेणुका डैम से रोजाना 23 क्यूमेक्स पानी दिल्ली को दिए जाने की योजना है।
जबकि, इससे 40 मेगावाट बिजली हिमाचल को मिलेगी। 5 हजार करोड़ की लागत से बनने वाली इस योजना पर अभी तक 230 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं।

रेणुका के समीप ददाहू से खैरी तक 26 किमी लंबी झील तैयार की जाएगी। इस डैम के निर्माण के लिए 89 प्रतिशत केंद्र सरकार और 11 प्रतिशत प्रदेश सरकार खर्च कर रही है। क्षेत्र की 25 पंचायतों के 1190 परिवार विस्थापितों की श्रेणी में रखे गए हैं।
वर्ष 1982 में रेणुका डैम की अनुमानित लागत जहां 1282 करोड़ आंकी गई थी। वहीं, 31 साल बाद 2014 में इसके निर्माण पर अनुमानित खर्च 5 हजार करोड़ से ऊपर आने का अनुमान है।
