अब डाक विभाग लगाएगा एटीएम

धर्मशाला(आत्मा राम) प्रदेशभर में छोटे और बड़े शहरों में डाक विभाग एटीएम लगाएगा। शहरों में एटीएम कोर बैंकिंग सेल्यूशन योजना के तहत लगाए जाएंगे। इससे उपभोक्ता कहीं भी और कभी भी अपना पैसा एटीएम से निकाल सकेंगे। डाक विभाग के एटीएम से अन्य बैंकों के एटीएम से भी पैसा निकाला जा सकेगा। इसे लेकर डाक विभाग उपभोक्ताओं के खाते में जमा राशि का ब्योरा भी चेक कर रहा है। फिलहाल, डाक विभाग ने योजना को तमिलनाडु में शुरू किया है। प्रदेश में अब एटीएम स्थापित करने को लेकर कवायद शुरू हो गई है। प्रदेशभर में आने वाले छोटे और बड़े शहर जहां पर डाकघर हैं, वहां पर एटीएम स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए जगह का भी चयन किया जा रहा है। इससे पहले डाक घराें में जमा राशि को डाक घर में निकासी फार्म भरकर निकालना पड़ रहा था। इससे उपभोक्ताओं को पैसा निकालने में लंबा इंतजार भी करना पड़ता था। उधर, डाक विभाग धर्मशाला के अधीक्षक डीएस कपूर ने बताया कि डाक विभाग कोर बैंकिंग सेल्यूशन योजना के तहत अपने एटीएम स्थापित करेगा। इससे उपभोक्ताओं को पैसा निकालने में सुविधा मिलेगी। एटीएम कार्ड से अन्य बैंकों के एटीएम में भी पैसा निकाला जा सकेगा।

हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगी सुविधा
डाक विभाग के एटीएम स्थापित होने से प्रदेश भर में हजारों उपभोक्ताओं को सुविधा मिलेगी। डाकघरों में उपभोक्ता अलग-अलग योजनाओं के तहत भी धन जमा करवाते हैं। पैसा निकालने के लिए उन्हें डाकघराें में लाइनों में खड़ा होना पड़ता था। एटीएम के माध्यम से खाते में जमा राशि किसी भी समय एटीएम से निकाली जा सकेगी।

Related posts