अब छात्र तीसरे से ही ऐच्छिक विषय

नई दिल्ली। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में नए सत्र से छात्रों को एमबीए रेगुलर प्रोग्राम के पाठ्यक्रम में बदलाव मिलेगा। प्रबंधन ने सेमेस्टर नियमों में बदलाव किया है, जिससे अब छात्रों को ऐच्छिक विषय पढ़ने के लिए चौथे सेमेस्टर का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि वे तीसरे सेमेस्टर में ही अपना ऐच्छिक विषय चुन सकेंगे।
डीटीयू में अगस्त से शुरू होने जा रहे नए सत्र में एमबीए रेगुलर प्रोग्राम के छात्रों को राहत देने के लिए मैनेजमेंट बोर्ड ने नियमों में बदलाव के लिए हरी झंडी दे दी है। पिछले वर्षों की रिपोर्ट व छात्रों की मांग के आधार पर सेमेस्टर सिस्टम नियमों में बदलाव किया गया है। छात्रों और शिक्षकों ने रिपोर्ट बनाकर दी थी कि एमबीए रेगुलर प्रोग्राम में ऐच्छिक विषय चौथे सेमेस्टर में पढ़ाए जाते हैं, लेकिन उस समय कैंपस प्लेसमेंट व इंटर्नशिप में निकल जाते थे। रिपोर्ट में लिखा था कि छात्र विषय के बारे में ज्यादा नहीं जानते हैं, क्योंकि उन्होंने उस विषय की पढ़ाई की ही नहीं होती है। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने मैनेजमेंट बोर्ड की बैठक में रिपोर्ट को रखा, जिसके बाद नियमों में बदलाव किया गया है। अब छात्र चार ऐच्छिक विषयों को अपनी इच्छानुसार दो-दो करके तीसरे और चौथे सेमेस्टर में पढ़ सकते हैं। प्रो. रुचिका मल्होत्रा के अनुसार, नए सत्र में एमबीए रेगुलर प्रोग्राम के छात्रों को सेमेस्टर सिस्टम में बदलाव नजर आएंगे। पहले चौथे सेमेस्टर में ऐच्छिक विषय पढ़ाए जाते थे, लेकिन अक्सर छात्रों के इंटर्नशिप में चले जाने के चलते पाठ्यक्रम अधूरा रह जाता था। इसी के चलते अब ऐच्छिक विषय तीसरे सेमेस्टर में जोड़ दिया गया है।

Related posts