अब ग्रामीण खुद देंगे पहरा

अंब/मैड़ी/ऊना। वारदातों से सहमे लोग अंब उपमंडल की विभिन्न पंचायतों में खुद पहरा देंगे। लोगों के आग्रह पर ठीकरी पहरे लगाने के लिए पुलिस भी राजी हो गई है। पुलिस ने पंचायत प्रतिनिधियों से ठीकरी पहरे पर बैठने वाले लोगों के नामों की सूची पुलिस को देने के लिए कहा है। जिस व्यक्ति का नाम पुलिस को जारी सूची में होगा, उसे ही पहरा देने की इजाजत होगी। सूची में शामिल सभी लोगों के फोन नंबर भी पुलिस के पास रहेंगे। इन लोगों से पुलिस लगातार संपर्क में रहेगी। एसआईटी का नेतृत्व कर रहे डीएसपी अंब मदन कौशल ने लोगों के नामों की लिस्ट मांगे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि कुछ पंचायत प्रतिनिधियों के आग्रह पर यह फैसला लिया गया है। इसके लिए पुलिस के जवान भी लोगों के साथ रहेंगे। उधर, अंब उपमंडल में दहशत के इस माहौल में अफवाहें भी जंगल की आग की तरह फैल रही हैं। दोहरे गोलीकांड ने जहां क्षेत्र के लोगों में असुरक्षा की भावना भर दी है, वहीं दहशतजदा लोग अपनी सुरक्षा के नाम पर खुद ही हाथों में लट्ठ और दराट लेकर हर अजनबी में उन अज्ञात कातिलों को ढूंढ रहे हैं, मानो वह खुद ही उनसे हिसाब चुकता करने के मूड में हों। उपमंडल अंब के अलग-अलग क्षेत्रों में रोज दर्जनों अफवाहें भी फैल रही हैं। लोग अपने क्षेत्र में आए किसी भी अंजान व्यक्ति को घेरकर उसके साथ उलझते भी दिख रहे हैं। मंगलवार को मुबारिकपुर में अंजान व्यक्ति की लाश को लेकर तरह-तरह की अफवाहें उठी। सुनील कुमार, अनिल ठाकुर, विनोद कुमार, राजेश, मुन्नू व रामपाल आदि का कहना है कि अफवाहों का जाल इतना ज्यादा है कि अब डर लगने लगा है कि कोई अंजान व्यक्ति लोगों के गुस्से का शिकार न हो जाए। डीएसपी मदनलाल कौशल का कहना है कि लोग सतर्क रहें, परंतु अफवाहों पर ध्यान न दें। कानून को अपने हाथ में न लें। यदि उन्हें अपने क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्तिनजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Related posts