
चंबा। जिला अस्पताल में अब ऑनलाइन पोस्टमार्टम की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। पोस्टमार्टम के हर पहलु को चिकित्सकों को रजिस्टर में दर्ज करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और न ही पोस्टमार्टम के रजिस्टर को संभालने के लिए अस्पताल प्रबंधन को दिक्कतें पेश आएंगी। ऑनलाइन पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार करने के लिए जिला अस्पताल प्रबंधन में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत कंप्यूटर लगा दिए गए हैं और इन कंप्यूटरों को इंटरनेट से भी जोड़ दिया गया है।
चार जनवरी से जिला अस्पताल के इतिहास में एक और अध्याय जुड़ने वाला है। दरअसल, चार जनवरी को ही ऑनलाइन पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार करने के कार्य का शुभारंभ किया जाएगा। चिकित्सक इमरजेंसी कक्ष में लगे कंप्यूटर में किसी भी व्यक्ति के पोस्टमार्टम का नाम पता इनपुट करेंगे और तुरंत प्रिंट निकाल कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट मुहैया करवाई जाएगी। अत्याधुनिक कंप्यूटरीकृत सिस्टम अस्पताल में लगने से अस्पताल प्रबंधन को पोस्टमार्टम के रजिस्टर को संभालने की समस्या भी खत्म हो जाएगी और एक बार रिपोर्ट कंप्यूटर में दर्ज होने से रिपोर्ट की कापी की जरूरत पड़ने पर एक क्लिक करने पर रिपोर्ट मिल जाएगी। जिला अस्पताल प्रबंधन को ऑनलाइन करने की कवायद में अस्पताल प्रबंधन का यह पहला सराहनीय कदम है। चार जनवरी को नव वर्ष के उपलक्ष्य में अस्पताल प्रबंधन लोगों को ऑनलाइन सिस्टम की सुविधा देने जा रहा है। बताया जा रहा है कि ऑनलाइन रिपोर्ट तैयार होने से रिपोर्ट को कहीं भी आईडी एवं पासवर्ड डाल कर निकाला जा सकता है और ऑनलाइन ही पोस्टमार्टम की रिपोर्ट कोर्ट को भेजी जाएगी। शुभारंभ के मौके पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वाईडी शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद शर्मा, डॉ. विशाल ठाकुर, डॉ. जितेंद्र महाजन, डॉ. हर्ष महाजन मौजूद रहेंगे।
