अब एलिवेटेड लाइन पर थमी मेट्रो

नई दिल्ली। मेट्रो ने सोमवार सुबह को रिठाला से दिलशाद गार्डन के बीच एलिवेटेड ट्रैक पर यात्रियों को परेशान किया। कश्मीरी गेट से शास्त्री पार्क के बीच ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर (ओएचई) में दिक्कत के कारण ट्रेन 10.30 से 11.30 बजे तक धीरे चली। इसके बाद स्पार्किंग के साथ करंट में दिक्कत आने के कारण मेट्रो प्रशासन ने 11.30 बजे कश्मीरी गेट से दिलशाद गार्डन के बीच ट्रेन परिचालन 15 मिनट के लिए पूरी तरह से बंद करके उसकी मरम्मत का काम किया गया।
इस दौरान यात्रियों को स्टेशन के प्लेटफार्म पर ट्रेन ऑपरेशन शुरू होने का इंतजार करना पड़ा। सेवा बंद किए जाने के कारण तीन ट्रिप नहीं चली। वहीं, ट्रेन रफ्तार धीमी होने के कारण कई फेरे देरी से लगे। हालांकि, डीएमआरसी प्रवक्ता का कहना है कि ट्रेन व स्टेशन पर 11 बजे से ही ट्रेन ऑपरेशन थोड़ी देर के लिए रोके जाने की सूचना दी गई थी। ट्रेन सर्विस नहीं रोके जाने पर दिक्कत और अधिक बढ़ सकती थी। उन्होंने कहा कि न्यूज चैनल्स को भी जानकारी भेजी गई थी।
सोमवार को धीमी चल रही मेट्रो ट्रेन कई बार बीच में रोक-रोक कर चलाई गई। गंतव्य तक तय समय पर पहुंचने के लिए निकले यात्रियों को आधे से एक घंटे तक की देरी झेलनी पड़ी। कश्मीरी गेट इंटरचेंज स्टेशन पर सबसे अधिक भीड़ रही। वहीं, दिलशाद गार्डन स्टेशन पर बॉर्डर से दिल्ली आने वालों को भी ट्रेन लेट मिली। शास्त्री पार्क, वेलकम, शाहदरा, मानसरोवर पार्क, झिलमिल पर भी ट्रेन इस दौरान खड़ी रही।
कई बार आई हैं दिक्कतें
मेट्रो को बिजली देने वाले ओएचई में बरसात में दिक्कत की घटनाएं कई बार सामने आई हैं। सोमवार को दिक्कत दूर नहीं होने के कारण आठ स्टेशनों पर सेवाएं बंद कर दी गईं। इससे ट्रेन अपनी-अपनी जगह रुकी रहीं। सेवाएं सामान्य होने में 11.30 बजे के बाद भी करीब आधे घंटे अतिरिक्त लग गए।

Related posts