अब एलाइजा विधि से होगी डेंगू की जांच

नोएडा। सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल में सोमवार से एलाइजा विधि से डेंगू की जांच की जाएगी। अभी तक अस्पताल में डेंगू की जांच रैपिड कार्ड रीडर से होती थी। शनिवार को अस्पताल में नेशनल वेक्टर बार्न डिजीज एंड कंट्रोल प्रोग्राम, दिल्ली से जुड़े अधिकारियों की टीम ने सर्वे किया और एलाइजा के 96 टेस्ट किट देने की बात कही।
रविवार को जिला अस्पताल की कार्यवाहक सीएमएस डॉ. मीना मिश्रा ने बताया कि एनवीबीडीसीपी की दो अधिकारियों की टीम ने दौरा किया। इस दौरान टीम ने अस्पताल में डेंगू के मरीजों की रिपोर्ट देखी। इस दौरान अधिकारियों ने वार्डों में मरीजों का हाल भी जाना। सीएमएस ने दावा किया कि अस्पताल में भर्ती मरीजों की रैपिड कार्ड रीडर से जांच की जाती थी। उन्होंने बताया कि सोमवार तक एनवीबीडीसीपी द्वारा अस्पताल को एलाइजा टेस्ट किट दी जाएगी जिन से 96 लोगों की डेंगू की जांच हो सकेगी।

कैसे होती है जांच
एनवीबीडीसीपी के निदेशक डॉ. एसी धारीवाल ने बताया कि एलाइजा विधि में एंटीजेन और एंटी बॉडी दो प्रकार के टेस्ट किए जाते हैं। एंटीजेन में डेंगू के मरीजों की एक से पांच दिनों में जांच होती है। वहीं, एंटीबॉडी में पांच दिनों के बाद परिणाम आता है। कार्ड रीडर की अपेक्षा एलाइजा विधि से जांच अधिक मान्य है।

आखिर कहां जाती है किट
जिला अस्पताल की सीएमएस ने जहां सोमवार से एलाइजा किट पहुंचने की बात कही है। वहीं, डॉ. एसी धारीवाल ने दावा किया कि प्रत्येक जिले के सेंटर पर सीजन शुरू होने से पहले ही टेस्ट किट उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे में प्रश्न यह है कि जिले में केवल जिला अस्पताल में जांच की सुविधा है। ऐसे में एलाइजा किट कहां चली जाती है।

Related posts