
रुद्रप्रयाग। गढ़वाल सांसद सतपाल महाराज ने जिला स्तरीय अधिकारियों को अपने मोबाइल फोन हर समय ऑन रखने के निर्देश दिए है। उन्होंने इस बात पर नाराजगी जताई कि अफसरों के मोबाइल अक्सर ऑफ मिलते हैं।
जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक लेते हुए गढ़वाल सांसद ने कहा कि विभागों द्वारा आवंटित बजट का उपयोग समुचित रूप से नहीं किया जा रहा है। इस वजह से जिले में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने विकास कार्यों के निर्माण में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई। महाराज ने मनरेगा के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश डीएम को दिए। उन्होंने पेयजल निगम, जल संस्थान, विद्युत विभाग को भी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा।
महाराज ने आज एक प्रेस कान्फ्रेंस को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर वर्षों से ढाबा, होटल, दुकान चलाकर अपनी आजीविका चला रहे लोगों को नियमित किया जाना चाहिए। सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए सफाई कर्मियों की संख्या बढज़ानी चाहिए। उन्होंने हेलीकॉप्टर सेवाओं की मनमानी से मुख्यमंत्री को अवगत कराने की भी बात कही। केदारनाथ यात्रा में सफाई व्यवस्था के नाम पर घोडे़—खच्चरों की संख्या सीमित करने को उन्होंने अनुचित बताया। कहा कि लीद के निस्तारण के लिए सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। इस मौके पर केदारनाथ विधायक शैला रानी रावत भी मौजूद थीं।
