
काबुल: अफगानिस्तान के हेरात शहर में आज अमेरिकी वाणिज्य दूतावास से करीब 60 मीटर की दूरी पर हुए एक कार बम विस्फोट में सात नागरिक घायल हो गए। आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच सुबह से मुठभेड़ जारी है।
हेरात प्रांत के गवर्नर सैयद फजलुल्ला वहीदी ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि परिसर के भीतर कोई आतंकवादी घुस पाने में सफल रहा है या नहीं। किसी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन अक्सर तालिबान इस तरह के हमले करता रहता है। अमेरिकी दूतावास के एक प्रवक्ता ने तत्काल टिप्पणी देने से इंकार किया।
