अपनों से नहीं कर पा रहे बात

जडेरा (चंबा)। विकास खंड चंबा की तीन पंचायतों में 24 घंटे से बीएसएनएल की सेवाएं चरमरा गई हैं। ग्राम पंचायत जडेरा, कैला व सिल्लाघ्राट पंचायतों में बीएसएनएल का सिग्नल बीते शनिवार दोपहर बाद से बंद हो गया है। इस कारण हजारों उपभोक्ताओं को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। क्षेत्र में दूरसंचार सेवाएं चरमराने से उपभोक्ता अपनों से बात नहीं कर पा रहे हैं। साथ ही जडेरा एक्सचेंज ठप होने से लैंडलाइन फोन भी खामोश पड़े हुए हैं। बीते एक दिन से मोबाइल में सिग्नल न आने से उपभोक्ता काफी परेशान हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि क्षेत्र में दूरसंचार सेवाएं ठप हो जाना आम बात हो गई है। स्थानीय लोगों मनोज, दलीप, देस राज, विजय, अनिल कुमार, अजय, उमेश, रमेश कुमार, हरीश, दीपक, अनूप, अक्षय, अजय कुमार, राज कुमार, हर्ष, मोनिका, भारती, पूजा, मनीषा चौहान, सपना, अनीता, मुन्ना व लोकेंद्र ने बताया कि बीएसएनएल का सिग्नल न होने के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि बीते एक दिन से क्षेत्र में लगा टावर बंद पड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी यहां पर बीएसएनएल का सिगभनल गुल होने से दिक्कतें पेश आती रही हैं। उन्होंने भारत संचार निगम से मांग की है कि इन तीन पंचायतों में बीएसएनएल की सेवा सुचारू की जाए और मोबाइल सिग्नल की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

Related posts