अपने झूठ में खुद फंसी सरकार : सत्ती

हमीरपुर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि कांग्रेस अपने झूठ में स्वयं घिर गई है। सरकार का आठ माह का कार्यकाल बदला-बदली और राजनीतिक विरोधियों को प्रताड़ित करने में बीता है। प्रदेश में खनन माफिया सक्रिय है और उसे राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। मुख्यमंत्री ने स्वयं विस में स्वीकार किया है कि सीमा क्षेत्र में खनन हो रहा है तथा उसे राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। कार्यकर्ताओं की बैठक में भी सीएम ने बदली के लिए न आने की बात कही। स्पष्ट है कि उन्हें भी लगा होगा कुछ अधिक हो रहा है।
प्रेस वार्ता में सत्ती ने कहा कि कांग्रेस ने बेरोजगारी भत्ता देने का वायदा किया था, लेकिन कौशल विकास भत्ता शुरू कर युवाओं को ठगा। आठ माह के कार्यकाल में 41 को ही कौशल विकास भत्ता दिया गया। प्रदेश में नौ लाख बेरोजगार युवा पंजीकृत हैं। आठ माह के कार्यकाल में एक भी नया पद विज्ञापित नहीं हुआ। भाजपा सरकार के समय में स्वीकृत पदों पर ही नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। विपक्ष में रहते कांग्रेस ने शोर मचा रखा था कि हिमाचल बेच डाला, लाख बीघा भूमि बाहरी लोगों को बेच दी। विस में राजस्व मंत्री कौल सिंह ने खुद बताया कि निजी विवि को एक भी मरला सरकारी भूमि नहीं दी गई है। कांग्रेस ने सत्ता में आने के बाद वायदों को पूरा करने के लिए कदम नहीं उठाए। पहले पंचायतीराज विभाग की ओर से पत्र भेजकर पंचायत प्रतिनिधियों की पार्टी पूछी गई। भाजपा समर्थित 16 प्रधानों को निलंबित किया गया। उनके साथ प्रदेश सचिव कमलेश कुमारी, जिला भाजपा अध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, महामंत्री विजय पाल सोहारू, मंडल अध्यक्ष बलदेव धीमान सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

Related posts